टीम इंडिया ने सिर्फ 53 गेंदों में दर्ज की ऐतिहासिक जीत, तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड; शेफाली-निकी का तूफान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में भी शानदार जीत दर्ज कर ली. पहले मैच में लड़खड़ाने के बाद वापसी करने वाली टीम इंडिया ने दूसरे मैच में जिम्बाब्वे को कोई मौका नहीं दिया. जिम्बाब्वे को सिर्फ 102 रन पर रोकने के बाद टीम इंडिया ने सिर्फ 53 गेंदों में लक्ष्य हासिल कर लिया और रिकॉर्ड बनाते हुए जीत दर्ज की. भारतीय जीत की स्टार निकी प्रसाद और शेफाली वर्मा रहे. निकी ने अपनी गेंदबाजी से कमाल दिखाया तो शेफाली ने धुआंधार पारी खेलकर जल्दी लक्ष्य तक पहुंचाया.

निकी समेत गेंदबाजों का कमाल

रायपुर में ही रविवार 18 अक्टूबर को खेले गए टी20 सीरीज के दूसरे मैच में भी जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी में दम नहीं दिखा. उम्मीद के मुताबिक, भारत की मजबूत गेंदबाजी ने जिम्बाब्वे के अनुभवहीन बल्लेबाजों को ताबड़तोड़ बैटिंग का कोई मौका नहीं दिया. पिछले मैच में ही अपना डेब्यू करने वाली निकी प्रसाद ने इस मैच में पहली बार गेंदबाजी की और शुरुआती 2 गेंदों में 2 विकेट लेकर ऐसा करने वाली पहली भारतीय क्रिकेटर बनने का रिकॉर्ड कायम किया.

शेफाली का तूफान, भारत की रिकॉर्ड जीत

इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों की बारी थी. पिछले मैच में जिम्बाब्वे ने सिर्फ 19 रन पर भारतीय टीम के टॉप-4 बल्लेबाजों को पवेलियन लौटाकर सनसनी फैला दी थी. इस बार हालांकि ऐसा नहीं हुआ. शेफाली वर्मा (55) ने आते ही धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे के हौसले पस्त कर दिए. शेफाली ने छक्का लगाकर सिर्फ 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और कप्तान स्मृति मंधाना के साथ 96 रन की साझेदारी की. फिर अगली 6 गेंदों के अंदर मंधाना (47 नाबाद) ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया.

टीम इंडिया ने 9 विकेट से ये मैच अपने नाम किया और सिर्फ 8.5 ओवर यानि 53 गेंदों में जीत दर्ज की. यानि 67 गेंद पहले ही भारत ने मैच जीत लिया. इसके साथ ही टीम इंडिया ने सबसे ज्यादा गेंद शेष रहते महिला टी20 मैच जीतने का रिकॉर्ड बना दिया. टीम इंडिया ने इस मामले में वेस्टइंडीज का रिकॉर्ड तोड़ा, जिसने इसी साल जिम्बाब्वे के ही खिलाफ 65 गेंद रहते जीत हासिल की थी.

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai