
मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. टाइगर श्रॉफ से पहले बॉलीवुड के चार दिग्गज कलाकारों को निशाना बनाने की साजिश थी. आरोपियों ने अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार के घरों की भी रेकी की थी, लेकिन कड़ी सुरक्षा के चलते योजना बदली गई. बाद में टाइगर श्रॉफ पर हमला किया गया, जिसकी तैयारी दो महीने से चल रही थी.
जांच में सामने आया कि लॉरेंस गैंग से जुड़े गैंगस्टर अनिल पंडित ने इन बड़े बॉलीवुड स्टार को टारगेट करने का निर्देश दिया था. शूटर्स ने चारों अभिनेताओं के घरों की रेकी कर वीडियो अनिल पंडित को भेजे थे. हालांकि, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते आरोपियों को अपनी योजना बदलनी पड़ी. आरोपियों ने करीब सात दिनों तक रेकी की और फिर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया.
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 4 और गिरफ्तारियां
इस बीच फायरिंग मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और मुंबई क्राइम ब्रांच ने हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. साथ ही इस केस में 4 नए आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें हरियाणा के सोनीपत के कुनाल (21) और सुमित (19) समेतउत्तर प्रदेश के सीतापुर की रहने वाली राधा और आजमगढ़ की बबीता को भी गिरफ्तार किया गया है.
जांच में सामने आया है कि कुनाल ने अमृतसर से पिस्टल और 20 कारतूस का इंतजाम किया था. इसके बाद राधा और बबीता के जरिए इन हथियारों को मुंबई में शूटर्स तक पहुंचाया गया था. दोनों महिलाएं 17 अक्टूबर को दिल्ली से मुंबई पहुंची और शूटर्स को पिस्टल मुहैया करवाए. इन चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर मुंबई पुलिस को ट्रांजिट रिमांड पर सौंप दिया गया है.
हमले में शामिल 3 आरोपियों की आज कोर्ट में पेशी
इससे पहले पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों वारदात के 15 घंटे के अंदर सोमवार को कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़ा था. इनमें एक बिहार के बेगुसराय का ऋितिक और हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला रेहान और फूल सिंह है. ये तीनों वारदात को अंजाम देने के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे. तीनों को कोटा से मुंबई लाया गया है, और सभी का मेडिकल जांच जीटी अस्पताल में कराया गया.
अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर पर हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को आज मुंबई पुलिस कोर्ट में पेश करेगी. तीनों आरोपियों की पेशी मुंबई की किला कोर्ट में होने वाली है.फिलहाल आरोपी मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल की हिरासत में हैं, जहां उनसे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है. कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस आरोपियों की हिरासत बढ़ाने की मांग कर सकती है.









