
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में टीम इंडिया एक बदलाव के साथ तो जरूर उतरेगी. ईशान किशन दूसरे टी20 में सेलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं हैं क्योंकि उन्हें चोट लग गई है. अब ऐसा माना जा रहा है कि वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी. वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच के लिए तैयारी भी जमकर की है. क्राइस्टचर्च से आ रही खबरों के मुताबिक वैभव सूर्यवंशी ने नेट्स पर काफी समय बिताया लेकिन हैरानी की बात ये है कि उन्होंने सिर्फ स्पिनर्स के खिलाफ प्रैक्टिस की.
वैभव सूर्यवंशी की स्पिन के खिलाफ प्रैक्टिस
वैभव सूर्यवंशी ने हेगले ओवल के लोकल गेंदबाजों के खिलाफ काफी देर बैटिंग की. उन्होंने स्पिनर्स के खिलाफ बैटिंग की. माना जा रहा है कि सूर्यवंशी के खिलाफ न्यूजीलैंड की टीम ऑफ स्पिन का इस्तेमाल करेगी. मतलब उनके खिलाफ माइकल ब्रेसवेल का इस्तेमाल किया जा सकता है. माइकल ब्रेसवेल ने पहले टी20 में अभिषेक शर्मा को भी परेशान किया था और उनका विकेट झटका था. यही वजह है कि सूर्यवंशी स्पिनर्स के खिलाफ जमकर प्रैक्टिस करते नजर आए.
वैभव सूर्यवंशी किस नंबर पर खेलेंगे?
वैभव सूर्यवंशी प्लेइंग इलेवन में आए तो एक विषय ये भी है कि ये खिलाड़ी किस नंबर पर खेलेगा? क्या टीम इंडिया अपनी ओपनिंग जोड़ी को बदलेगी? पहले टी20 में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने पावरप्ले में ही 93 रन जोड़कर कीवी गेंदबाजों के हौसले तोड़ दिए थे. ऐसे में क्या सूर्यवंशी को ओपनिंग पर मौका दिया जाएगा? या फिर इस खिलाड़ी को नंबर तीन पर उतारा जाएगा. वैसे ऐसी संभावनाएं हैं कि संजू सैमसन नंबर तीन पर बैटिंग करने उतरें. अब देखना ये है कि होता क्या है?
वैभव सूर्यवंशी का टी20 इंटरनेशनल में प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी ने अबतक टी20 इंटरनेशनल में 8 मैच खेले हैं. इस खिलाड़ी ने 30.75 की औसत से 246 रन ठोके हैं. सूर्यवंशी के बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं और उनका स्ट्राइक रेट 189.36 रहा है.









