
दिल्ली पुलिस ने त्रिपुरा के एक युवक के साथ कथित रूप से नस्ली दुर्व्यवहार और अपमानजनक व्यवहार करने के आरोपी यूट्यूबर को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया. इससे पहले, पुलिस ने घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था. उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने बताया, यूट्यूबर अमीर शौकीन पहले भी झगड़े के कई मामलों में शामिल रहा है. उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने उसे करोल बाग इलाके से गिरफ्तार किया है. वहीं त्रिपुरा पुलिस भी देर रात दिल्ली पहुंच चुकी है.
दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) इकाई कथित नस्ली दुर्व्यवहार से जुड़े वायरल वीडियो की जांच कर रही है. अधिकारियों ने बताया कि पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए विशेष पुलिस इकाई (एसपीयूएनईआर) ने आईएफएसओ इकाई को औपचारिक रूप से पत्र लिखकर वीडियो की जांच करने का अनुरोध किया है.
आमिर शौकीन के आवास पर पहुंची पुलिस
इससे पहले, पुलिसकर्मियों ने यूट्यूबर आमिर शौकीन के आवास का भी दौरा किया था, लेकिन वह वहां नहीं मिला. यह घटनाक्रम सोशल मीडिया पर वीडियो की व्यापक निंदा के बीच सामने आया है. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने घटना के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी घटना की निंदा की है और कार्रवाई की मांग की है. रीजीजू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि आरोपी को सजा भुगतनी होगी और दिल्ली तथा त्रिपुरा पुलिस उसे कड़ा सबक सिखाएगी. मंत्री ने कहा, इस बुरे व्यक्ति को सजा मिलेगी. आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने में थोड़ी देर हुई, लेकिन दिल्ली पुलिस और त्रिपुरा पुलिस उसे कड़ा सबक सिखाएंगी.
त्रिपुरा पुलिस की एक टीम देर रात दिल्ली पहुंची
बता दें कि DSP (मुख्यालय) समुद्र देबबर्मा के नेतृत्व में त्रिपुरा पुलिस की एक टीम देर रात दिल्ली पहुंची. यह जांच त्रिपुरा के एक युवक के खिलाफ कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी करने के मामले में आमिर शौकीन की गिरफ्तारी के बाद की जा रही है. त्रिपुरा के एक युवक के खिलाफ कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी करने के मामले में आमिर शौकीन की गिरफ्तारी के बाद, डीएसपी (मुख्यालय) समुद्र देबबर्मा के नेतृत्व में त्रिपुरा पुलिस की एक टीम सदर बाजार पुलिस स्टेशन पहुंची. डीएसपी (मुख्यालय) समुद्र देबबर्मा ने कहा कि त्रिपुरा में एक मामला दर्ज किया गया है, जांच अभी चल रही है. आगे की कार्रवाई जांच के चरण और लागू कानूनी प्रक्रिया पर निर्भर करेगी.
वीडियो की निष्पक्ष जांच की मांग
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शौकीन ने करीब एक महीने पहले अहमदाबाद में कथित तौर पर विवादास्पद वीडियो रिकॉर्ड किया था. सूत्रों ने बताया कि इस मामले में सात से आठ आरोपी हैं और उनकी भूमिका की जांच की जाएगी. त्रिपुरा स्टूडेंट्स फोरम दिल्ली (टीएसएफडी) ने 21 अक्टूबर को पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए विशेष पुलिस इकाई (एसपीयूएनईआर) के संयुक्त पुलिस आयुक्त को शिकायत भेजकर वीडियो की तत्काल और निष्पक्ष जांच की मांग की थी.
शिकायत में आरोप लगाया गया कि वीडियो में एक सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर द्वारा त्रिपुरा के एक व्यक्ति को यौन उत्पीड़न, प्रताड़ना और अपमानजनक व्यवहार का शिकार बनाते हुए दिखाया गया है. इसमें संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्ति के साथ-साथ घटना में शामिल होने या कथित घटना को रिकॉर्ड करने वाले अन्य लोगों की पहचान करने और उनकी भूमिका की जांच करने की मांग की गई है.
नस्ली रूप से अपमानजनक टिप्पणियां
फोरम ने यह भी आरोप लगाया कि वीडियो में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नस्ली रूप से अपमानजनक टिप्पणियां की गई हैं और त्रिपुरा के बारे में अपमानजनक संदर्भ दिए गए हैं, जिससे राज्य के समुदाय के सदस्यों को पीड़ा पहुंची है. फोरम ने उचित कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से मूल रिकॉर्डिंग, खाते के विवरण और वीडियो अपलोड किए जाने के इतिहास सहित इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित रखने का आग्रह किया.
शिकायत में तथ्यों और लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार प्राथमिकी दर्ज करने की मांग भी की गई है. त्रिपुरा के मुख्यमंत्री साहा ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को इस मामले में दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया था. विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी कथित घटना की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की है.









