
भारतीय क्रिकेट टीम का अगला चीफ सेलेक्टर कौन होगा? ये एक सवाल पिछले कुछ दिनों से लगातार पूछा जा रहा है. अजीत अगरकर और BCCI पदाधिकारियों के बीच कथित मनमुटाव की खबरें आने के बाद से ही ये मसला छाया हुआ है. कुछ वक्त पहले तक माना जा रहा था कि अगरकर को वर्ल्ड कप 2027 तक एक्सटेंशन मिलेगा लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, अगरकर ने खुद BCCI को बता दिया है कि वो आगे अपने पद पर नहीं बने रहना चाहते और एक्सटेंशन की मांग नहीं करेंगे.
अगरकर ने BCCI को बताया अपना फैसला
शुक्रवार 18 सितंबर को मुंबई में BCCI के मुख्यालय में बोर्ड की वार्षिक आम बैठक (AGM) का आयोजन हुआ. इस बैठक में वैसे तो कई अलग-अलग मुद्दे थे और चीफ सेलेक्टर का मुद्दा इसका हिस्सा नहीं था लेकिन ये साफ था कि इस विषय को उठाया जा सकता है. मगर बोर्ड ने जहां इस पर कोई खास फैसला नहीं लिया, वहीं अगरकर ने खुद ही नौकरी छोड़ने का फैसला किया. अगरकर का कार्यकाल 4 अक्टूबर को खत्म हो रहा है.
द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, अगरकर का कार्यकाल खत्म होने से 15 दिन पहले हुई इस AGM में शामिल कई सदस्यों ने बताया कि चीफ सेलेक्टर ने अपना पद छोड़ने का मन बना लिया है और इसके बारे में बोर्ड को बता दिया है. ये तय माना जा रहा था कि BCCI की ओर से उनका कार्यकाल बढ़ने की संभावना कम है और इसलिए अगरकर ने खुद ही बोर्ड को बता दिया कि वो आगे एक्सटेंशन नहीं चाहते. इससे नए चीफ सेलेक्टर की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया.
BCCI की AGM में क्या हुआ?
इस AGM में नए चीफ सेलेक्टर को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ लेकिन इस बैठक में बोर्ड पदाधिकारियों को इस पद पर नई नियुक्ति से जुड़ा फैसला लेने का अधिकार दिया गया. हालांकि, बैठक के बाद बोर्ड के सचिव देवजित सैकिया ने अगरकर के कार्यकाल को लेकर किसी भी तरह की पुष्टि नहीं की और न ही इसे खारिज किया. इसके उलट सैकिया ने कहा, “उनके कार्यकाल में अभी भी 15 दिन बाकी हैं जो क्रिकेट की दुनिया में बहुत लंबा समय होता है.”
सैकिया भले ही पुष्टि न करें लेकिन अब ये साफ नजर आ रहा है कि अगरकर का समय भारतीय क्रिकेट में फिलहाल तो खत्म हो गया है. उनकी जगह अगला चीफ सेलेक्टर कौन होगा, इसको लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं. इस मामले में 2 नाम फिलहाल सामने आ रहे हैं, जिसमें एक तो प्रज्ञान ओझा हैं जो सेलेक्शन कमेटी का हिस्सा हैं. वहीं दूसरा नाम पूर्व विकेटकीपर पार्थिव पटेल का है, जिन्हें इस रेस में सबसे आगे माना जा रहा है.










