
IND vs WI 3rd ODI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है. इस सीरीज में टीम इंडिया 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है और अब तीसरी और आखिरी मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में खेला जाना है. इस मुकाबले से पहले कैरेबियाई खेमे को एक बड़ा झटका लगा है. टीम का एक स्टार खिलाड़ी इस मैच से बाहर हो गया है. इस खिलाड़ी ने सीरीज के पहले ही मैच में शतक जड़ा था. लेकिन दूसरे मैच में चोट के चलते मैदान पर नहीं उतर सका था.
तीसरे वनडे से बाहर हुआ ये स्टार खिलाड़ी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वेस्टइंडीज के फॉर्म में चल रहे 32 साल के स्टार ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स अपनी पिंडली की चोट (Calf Injury) से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं और वो तीसरे वनडे मुकाबले से बाहर हो गए हैं. मैच से सिर्फ एक रात पहले ग्रीव्स के बाहर होने से मेहमान टीम के बल्लेबाजी संतुलन को बड़ा नुकसान पहुंचा है. जस्टिन ग्रीव्स मौजूदा दौरे की शुरुआत में वेस्टइंडीज के सबसे मजबूत और आक्रामक बल्लेबाजों में से एक साबित हुए थे.
तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले वनडे में उन्होंने शानदार शतकीय पारी खेली थी, जिसने भारतीय गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया था. लेकिन उसी पारी के दौरान उन्हें पिंडली में खिंचाव आ गया था, जिसके चलते वो इस हफ्ते की शुरुआत में गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे से भी बाहर रहे थे. दूसरे मैच में उनकी जगह शामिल किए गए केसी कार्टी कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सके थे और सिर्फ 10 गेंदों में 9 रन बनाकर आउट हो गए थे.
अभी मैच फिट नहीं हुए हैं जस्टिन ग्रीव्स
मेडिकल टीम की ओर से किए गए आकलन में यह पाया गया कि ग्रीव्स की चोट अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है. नतीजतन, टीम मैनेजमेंट ने उन्हें मुल्लांपुर में मैदान पर न उतारने का फैसला किया है. ऐसे में केसी कार्टी को एक बार फिर प्लेइंग 11 में शामिल किया जा सकता है, जो उनके लिए खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगा.










