जापान के खिलाफ दिखेगा वैभव सूर्यवंशी का जलवा! जानें क्यों प्लेइंग-11 में जगह मिलना तय माना जा रहा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

22 सितंबर की सुबह क्रिकेट के लिए बेहद ऐतिहासिक होने वाली है. पहली बार भारतीय क्रिकेट टीम और जापान क्रिकेट टीम का मुकाबला होगा. वो भी किसी ICC या ACC टूर्नामेंट में नहीं, बल्कि द्विपक्षीय मुकाबले में. सिर्फ इतना ही नहीं, ये मैच भी जापान की जमीन पर खेला जाएगा, जहां पहली बार भारतीय टीम कोई मैच खेलने उतर रही है. मगर भारतीय फैंस का ध्यान इससे ज्यादा इस बात पर है कि क्या वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में जगह मिलेगी या नहीं?

आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम भी जापान पहुंची है. मगर गेम्स में मेंस क्रिकेट का एक्शन शुरू होने से पहले टीम इंडिया मेजबान जापान के साथ एक टी20 मैच भी खेलने जा रही है. जापान के सानो में ये मुकाबला खेला जाएगा, जो दोनों देशों के रिश्तों के 75 साल पूरे होने के मौके पर खेला जा रहा है, जो दोनों देशों की पहली ही टक्कर होगी.

लक्ष्मण देंगे सूर्यवंशी को मौका

मगर इस मैच में भारत की प्लेइंग-11 क्या होगी? उससे भी बड़ा सवाल ये है कि क्या इस प्लेइंग-11 में 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलेगा? इसका ही जवाब हर कोई जानना चाहता है और ये जवाब 22 सितंबर की सुबह 9 बजे (IST) कप्तान श्रेयस अय्यर देंगे. हालांकि, सिर्फ इकलौता मैच होने के नाते और मैच प्रैक्टिस की जरूरत को देखते हुए वैभव सूर्यवंशी को इस मैच में मौका मिल सकता है. इसकी एक बड़ी वजह वीवीएस लक्ष्मण की कोच के रूप में मौजूदगी है.

इस मैच के साथ ही एशियन गेम्स के लिए टीम इंडिया की जिम्मेदारी गौतम गंभीर की जगह लक्ष्मण संभाल रहे हैं. ऐसे में ये साफ है कि वो अपनी सोच के साथ टीम का चयन करेंगे. लक्ष्मण आम तौर पर युवा खिलाड़ियों को मौका देते रहे हैं और ऐसे में वैभव को मौका मिलने की संभावना है. साथ ही इस मैच में खेलने से वैभव को एशियन गेम्स के लिए मैच प्रैक्टिस भी मिल जाएगी क्योंकि अफगानिस्तान के खिलाफ वो एक भी मैच नहीं खेल सके थे.

आपको याद दिला दें कि अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के तीनों मैच में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने ओपनिंग की थी. वैभव को एक भी मैच में न चुने जाने पर कोच गौतम गंभीर ने कहा था कि उन्हें भरपूर मौके दिए जाएंगे लेकिन उन्हें इसके लिए इंतजार करना होगा. गंभीर ने साथ ही कहा था कि संजू सैमसन और अभिषेक की वर्ल्ड कप जिताने वाली जोड़ी को एकदम से तोड़ना सही नहीं होगा.

बुमराह को मिल सकता है आराम

जहां तक अन्य खिलाड़ियों की बात है तो टीम इंडिया इस मैच के लिए स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को ब्रेक दे सकती है. बुमराह ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीनों टी20 मैच खेले थे. वहीं आखिरी मैच में अर्शदीप सिंह को ब्रेक दिया गया था. ऐसे में अर्शदीप इस मैच के लिए वापसी कर सकते हैं, जबकि बुमराह को रेस्ट दिया जा सकता है ताकि वो एशियन गेम्स के मुकाबलों के लिए तरोताजा रहें.

भारत की संभावित प्लेइंग-11

श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर

 

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai